चाकुलिया: विधायक समीर मोहंती ने सोमवार को चाकुलिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान कई पदाधिकारी और कर्मचारी नदारद पाए गए. उन्होंने प्रखंड व अंचल के रजिस्टर को देखा. विधायक ने पाया कि कोई व्यक्ति महीनों से किसी काम के लिए प्रखंड कार्यालय आ रहा है, परंतु उक्त व्यक्ति का काम नहीं हो रहा है. इसको लेकर विधायक भड़क गए और सीआई कलेन्द्र बेदिया को फटकार लगाई. मौके पर विधायक समीर मोहंती ने कहा कि सरकार घर जाकर काम कर रही है, परंतु प्रखंड और अंचल कार्यालय में लोग परेशान हो रहे हैं. उन्होंने डीडीसी अनिकेत सचान को दूरभाष पर कहा कि अंचल कार्यालय में डाटा एंट्री का काम काफी विलंब से होता है. (नीचे भी पढ़े)

रामानंद सिंह कुंटिया नामक कर्मचारी अपने मन के मुताबिक कार्यालय आते हैं. विधायक ने निर्देश दिया कि प्रखंड और अंचल के सभी पदाधिकारी और कर्मचारी प्रखंड मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करें. ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पंचायत सचिव और रोजगार सेवक भी पंचायत सचिवालय के कार्यालय में बैठकर काम करना सुनिश्चित करें, ताकि जनता को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े. विधायक ने बीडीओ आरती मुंडा को कार्यों में प्रगति लाने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, झामुमो नगर कमेटी के अध्यक्ष मो गुलाब,राजा बारीक,गोपन परिहारी,राम बास्के, बलराम महतो, अमर हांसदा ,गौतम दास, निर्मल महतो,विमल मांडी,विशाल बारीक,गौतम शर्मा समेत अन्य उपस्थित थे.











