चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन के पास वंदे भारत ट्रेन के डिब्बे एवं चक्का बनाने के लिए फैक्ट्री लगाने को लेकर मंगलवार को प्रखंड के सोनाहातु पंचायत के चतराडोबा गांव में ग्राम प्रधान खगेन्द्र नाथ नायक की अध्यक्षता में ग्रामसभा की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आए. सभी ने हाथ उठाकर अपनी सहमति दी. ग्रामीणों ने कहा कि फैक्ट्री लगाने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और पलायन कम होगा. ग्रामीणों ने चिंता जतायी कि हमारे गांव में शिक्षित लोग कम है. ज्यादातर लोग मजदूरी करते हैं. ऐसे लोगों को क्या नौकरी मिल पायेगी? ग्रामीणों ने कहा कि बैठक में कंपनी के पदाधिकारियों को भी बुलाया जाए. ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके. बैठक में पहुंचे सोनाहातू पंचायत के मुखिया मोहन सोरेन ने कहा कि बैठक में कंपनी के लोगों को भी बुलाया जाए. (नीचे भी पढ़े)
सभी मिल बैठकर यह तय करेंगे कि रोजगार के लिए कंपनी ने क्या व्यवस्था रखी है. सभी ने कहा कि फैक्ट्री लगाने के लिए हम सब सहमत हैं. कंपनी लगने से रोजगार बढ़ेगा एवं पलायन कम होगा. इस पर चर्चा हुई कि आगामी बैठक में कंपनी के लोगों को बुलाया जाएगा और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया जायेगा. बैठक में पारंपरिक ग्रामप्रधान संघ के अध्यक्ष अरुण बारिक ने कहा कि ग्रामीणों की मांगों से कंपनी के लोगों को अवगत करा दिया जाएगा. कंपनी अपना निर्णय लेगी. ग्रामीणों का विचार अच्छा है. मुखिया समेत सभी लोगों ने फैक्ट्री लगाने के लिए सहमति दी है. ग्रामसभा की अध्यक्षता करते हुए ग्राम प्रधान खगेन्द्र नाथ नायक ने कहा कि ग्रामसभा सर्वोपरी है.(नीचे भी पढ़े)
ग्रामसभा के निर्णय पर फैक्ट्री स्थापित होगी. इसके बाद बैठक को स्थगित किया गया. बैठक की अगली तिथि तय कर कोई सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा. बैठक में उपमुखिया सरस्वती मुर्मू, पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ के सचिव मनीन्द्र नाथ महतो, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सोरेन, गोपबन्धु मिश्रा, गिरीश चंद्र महतो, भवानी पाल, संतोष महतो,रतन लाल किस्कू, दुर्गा पद नायक, मनमथ नायक, शंकर नायक, बबलू नायक,मंटू नायक, नकुल नायक, केदार नायक, महेंद्र नायक, मंगल नायक समेत सैकड़ों की संख्या महिला और पुरुष मौजूद थे.











