आदित्यपुर : शुक्रवार की रात आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया चित्रगुप्त नगर में टाटा स्टील के अधिकारी कृष्ण कुमार के परिवार सहित सामूहिक आत्महत्या मामले में नया खुलासा हुआ है. आदित्यपुर पुलिस नये तथ्यों के आधार मामले की तहकीकात में जुट गई है. मालूम हो कि टाटा स्टील के पदाधिकारी कृष्ण कुमार कैंसर पीड़ित थे. उन्हें डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था. दो दिन पूर्व मुंबई से इलाज कराकर लौटे थे. गुरुवार को ही उन्होंने 28 वर्षीया पत्नी डॉली देवी, 13 वर्षीया पुत्री कृतिका कुमारी एवं चार वर्षीया पुत्री मंइयां के साथ अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. शुक्रवार को जब उनका दरवाजा नहीं खुला तब परिजनों को शक हुआ और इसकी जानकारी पुलिस को दी. (नीचे भी पढ़ें)

देर रात उनके घर पर पहुंची आदित्यपुर पुलिस ने गम्हरिया अंचलाधिकारी की मौजूदगी में कृष्ण कुमार के कमरे का दरवाजा तोड़ कर अंदर प्रवेश किया, जहां अंदर प्रवेश करते ही सभी के होश उड़ गए. कृष्ण कुमार अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटियों के साथ फंदे पर झूलते नजर आए. जांच के क्रम में पुलिस को एक सुसाइडल नोट भी मिला है, जिसमें कृष्ण कुमार ने आत्महत्या के पीछे कैंसर रोग को कारण बताया है. साथ ही उन्होंने इलाज में अपने परिवार, ससुराल वालों एवं कंपनी के कुछ साथियों के नाम का जिक्र किया है जिन्होंने इलाज में उनकी मदद नहीं की, जिससे तंग आकर उन्होंने पूरे परिवार के साथ आत्महत्या करने का जिक्र किया है. पुलिस ने शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद चारों के शव परिजनों को सौंप दिया. मिली जानकारी के अनुसार सभी शवों का बिष्टुपुर पार्वती घाट में अंत्येष्टि कर दिया गया है. समाचार लिखे जाने तक किसी ने पुलिस को आवेदन नहीं दिया है. थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि सुसाइडल नोट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर कृष्ण कुमार के घर पर ताला लगा होने के कारण परिवारवालों का पक्ष नहीं लिया जा सका. हालांकि मृतक के पिता ने शुक्रवार को मीडिया कर्मियों को बताया था कि अपने बेटे के इलाज में उन्होंने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी. दो दिन पूर्व ही फ्लाइट से उन्हें मुंबई लेकर गया था. वहां चिकित्सकों ने कीमो थेरेपी कराने की बात कही थी. इस पर पुत्र ने जमशेदपुर में ही इलाज कराने की बात कही और फ्लाइट से ही वापस शहर लौटे थे. इसी बीच गुरुवार को ही उसने यह कदम उठा लिया. इस घटना के बाद परिजनों में मातम छाया हुआ है. वहीं पड़ोसियों के बीच चर्चाओं का दौर जारी है.











