जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह क्षेत्र में दो दिन पूर्व हुई पर्स छिनतई की घटनाओं का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों की पहचान बिरसानगर निवासी सौरभ झींगन और परसुडीह सरजामदा निधिर टोला निवासी रवि सुंडी के रूप में की गई है. डीएसपी विधि-व्यवस्था तौकीर आलम ने मामले का खुलासा करते हुए प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उनके खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया जारी है. बताते चलें कि परसुडीह क्षेत्र में 5 जून को प्रमथनगर में सुपर्णा नामक महिला से और 6 जून को हलुदबनी में मितु मुखर्जी से पर्स छिनने की घटनाएं हुई थीं. (नीचे भी पढ़े)

मितु मुखर्जी इस दौरान गिर पड़ीं और उन्हें चोटें भी आई थीं. इन दोनों मामलों में पीड़ित महिलाओं ने परसुडीह थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर सरजमदा स्थित रवि सुंडी के किराए के मकान से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारियों के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, विवो कंपनी का मोबाइल फोन, पीड़िता मितु मुखर्जी का पर्स तथा 6,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. डीएसपी तौकीर आलम ने बताया कि मुख्य आरोपी सौरभ झींगन के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट और छिनतई के तीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. (नीचे भी पढ़े)
पुलिस इन मामलों की भी पुनः जांच कर रही है. छापेमारी दल का नेतृत्व परसुडीह थाना प्रभारी मो. फैज अहमद ने किया. टीम में पुअनि अरुण कुमार, विरेंद्र कुमार सिंह, रितेश कुमार, हिरालाल तुवीद तथा आरक्षी संतोष कुमार विश्वकर्मा शामिल थे. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है. अधिकारियों ने बताया कि छिनतई की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है.




