सरायकेला: झारखंड के सरकारी कार्यालय से लेकर मंत्रालयों में मचे भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर मंगलवार को पूरे राज्य के प्रखंड कार्यालयों पर धरना- प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध- प्रदर्शन किया गया. इधर सरायकेला प्रखंड कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में पहुंचे बीजेपी नेताओं- कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और एक मांग पत्र सौंपते हुए सरकारी कार्यालयों में मचे भ्रष्टाचार पर अविलंब रोक लगाने की मांग की. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर तीखे हमले किए. उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य के साथ अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ था वर्तमान सरकार वोट बैंक की राजनीति के कारण उसे पूरा होने नहीं देना चाहती है. चुनाव से पूर्व जनता से किया हर वादा खोखला साबित हुआ है. बांग्लादेशी घुसपैठ चरम पर है. धर्मांतरण के नाम पर सरकार ने मौन धारण किए रखा है. यहां के आदिवासियों की जल- जंगल और जमीन लूटी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
ना तो विधवा पेंशन मिल रहा है ना ही बुजुर्गों को उनका हक दिया जा रहा है. यहां की खनिज- संपदाएं लूटी जा रही है. माफिया राज हावी हो गया है. शराब, ब्राउन शुगर तस्करी चरम पर है. शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य हर क्षेत्र में यह सरकार विफल साबित हुई है. उन्होंने राज्य की जनता से अपील करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही देश का सर्वांगीण विकास कर सकती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सर्वांगीण विकास हो रहा है. झारखंड को भी अगर विकास के पथ पर लाना है तो भारतीय जनता पार्टी को सत्ता पर हर हाल में काबिज होना होगा. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है झामुमो- कांग्रेस और राजद गठबंधन की सरकार को उखाड़ फेंकना है. ऐसे में पूरे झारखंड की जनता को एकजुट होना होगा. इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मनोज महतो, नगर अध्यक्ष बद्री दरोगा, विधायक प्रतिनिधि सनद कुमार आचार्य, पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र सिमल सोरेन, बबलू सोरेन सहित सैकड़ो की संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे.



