बहरागोड़ा : गुरुवार को बहरागोड़ा प्रखंड के मटिहाना चौक के समीप एनएच 49 पर गैस टैंकर एवं हाइवा के बीच टक्कर हो जाने के कारण गैस टैंकर का चालक बुरी तरह जख्मी हो गया. मिली जानकारी के अनुसार एक सोलह चक्का हाइवा बहरागोड़ा से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था. उसी समय विपरीत दिशा से एक गैस टैंकर आ रहा था. मटिहाना फ्लाइओवर के ऊपर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गैस टैंकर का चालक केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया. (नीचे भी पढ़ें)

दुर्घटना के बाद आसपास के लोग वहां जमा हो गये, जबकि बहरागोड़ा पुलिस भी सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंची. इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गैस टैंकर के केबिन में फंसे चालक को काफी मशक्कत कर बाहर निकाल कर 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया. घायल चालक का वहां इलाज चल रहा है. घायल चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिला निवासी गर्जन सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई है.



