जमशेदपुर : टाटा स्टील को केंद्रीय जीएसटी और सेंट्रल एक्साइज विभाग, जमशेदपुर की ओर से 890.52 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आइटीसी) गलत तरीके से लेने का नोटिस जारी किया गया है. कंपनी को यह नोटिस 13 जून को भेजा गया था, जो 24 जून को प्राप्त हुआ. टाटा स्टील ने इसकी जानकारी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को दी है. नोटिस के अनुसार, कंपनी को 30 दिनों के भीतर विभाग के समक्ष पेश होकर जवाब देना है. टाटा स्टील ने इस नोटिस को निराधार बताते हुए कहा है कि वह निर्धारित अवधि में न्यायाधिकरणों के समक्ष अपना पक्ष रखेगी. साथ ही कंपनी ने स्पष्ट किया कि इस नोटिस का उसके वित्तीय या परिचालन गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ा है. इसके अतिरिक्त, टाटा स्टील को 19 जून को एक और नोटिस मिला है, जो 17 जून को डीजीसीआइ जमशेदपुर और जीएसटी इंटेलिजेंस द्वारा भेजा गया था. यह नोटिस टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट (अब टाटा स्टील गम्हरिया) से जुड़ा है और 161.51 करोड़ रुपये के बकाया टैक्स के भुगतान को लेकर है. इसमें भी आइटीसी को लेकर अनियमितता का आरोप लगाया गया है, जिसे कंपनी ने सिरे से खारिज किया है.



