गालूडीह: गालूडीह के महुलिया आंचलिक फुटबॉल मैदान में शनिवार शाम को पंडित रघुनाथ मुर्मू गांवता क्लब की ओर से फ्लड लाइट फुटबॉल महाकुंभ का शुभारंभ किया गया. इस प्रतियोगिता में 24 टीमों ने भाग लिया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूली शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन आमंत्रित थे. व्यस्तता के कारण नहीं पहुंच पाए. उनकी अनुपस्थिति में झामुमो के जिला संयोजक प्रमुख बाघराय मार्डी उपस्थित रहे. खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद फुटबॉल मैच का शुभारंभ हुआ. इसके बाद बाघराय मार्डी के हाथों से दिव्यांगों को सहायक उपकरण जैसे व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, कान की मशीन, वैशाखी और जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग वितरित की गयी. वहीं, झाटीझरना, बाघुड़िया, जेके महतो हाई स्कूल सालबनी, महुलिया हाई स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर गालूडीह, वीणापानी ज्ञानोदय मॉडल पब्लिक स्कूल, हेंडलजुड़ी और बनकाटी स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों को सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़े)

बाघराय मार्डी ने कहा कि फुटबॉल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक है और मुझे यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि हमारे क्षेत्र के युवा भी इस खेल में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. सरकार का लक्ष्य है कि युवा खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं और अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें. उन्होंने कहा कि दिव्यांग लोगों को सरकार की तरफ से कई सुविधाएं दी जा रही है. इसके तहत आज दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किया गया. हालांकि बारिश के कारण काफी कम लोग पहुंचे थे. फुटबॉल मैच का समापन रविवार सुबह होगा. आयोजन कमिटी विजेता टीम को 50 हजार, उपविजेता को 40 हजार, तृतीय और चतुर्थ स्थान वाली टीम को 15-15 हजार देकर पुरस्कृत करेंगे. इस मौके पर जगदीश भकत, दुर्गाचरण मुर्मू, सुनाराम सोरेन, सुशीला टुडू, सुशील मार्डी, टिबूराम मांझी, बिमल मार्डी, क्लब के अध्यक्ष दुर्गाचरण मुर्मू, सचिव भादो मांझी, कोषाध्यक्ष फूलचांद टुडू, सदस्य दुलाराम टुडू, बादल किस्कू, ध्यानचंद्र सोरेन आदि उपस्थित थे.



