जमशेदपुर : जमशेदपुर की नाट्य संस्था डेट के कलाकारों को हिमाचल प्रदेश के शिमला एवं सोलन में आयोजित राष्ट्रीय नटक प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने के उपलक्ष्य में सम्मानित किया गया. सोमवार को स्थानीय जी टाउन क्लब सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि, डेट की अध्यक्ष रेणुका सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ प्रसेनजित तिवारी, समाजसेवी विजय सिंह राणा, शिक्षाविद् जूही समर्पिता, वरिष्ठ रंगकर्मी हरि मित्तल, मो निजाम ने कलाकारों का उत्साह वर्धन किया. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि विगत दिनों हिमाचल प्रदेश के शिमला एवं सोलन में आयोजित राष्ट्रीय नाटक प्रतियोगिता में जमशेदपुर की नाट्य संस्था डेट के दल ने असगर वजाहत रचित नाटक ‘जिस लाहौर नहीं वेख्या वो जन्म्या ही नईं’ का सफल मंचन किया. अनुज प्रसाद के निर्देशन में हुए मंचन ने 29 प्रांतों की 32 टीमों के बीच आयोजित प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार जीता. (नीचे भी पढ़ें)
सम्मान समारोह के दौरान नाट्य दल के कलाकारों ने अपने अनुभव साझा किए एवं जमशेदपुर में रंगमंच को पुनः बल प्रदान करने का संकल्प लिया. रेणुका सिंह ने डेट के महासचिव एवं निर्देशक अनुज प्रसाद की भूमिका की भूरि भूरि प्रशंसा की. हरि मित्तल ने पुरस्कृत कलाकारों को सावधान किया कि पुरस्कार पा कर अंहकार में न डूबें. मो निजाम ने कलाकारों की मेहनत को सराहा. डॉ प्रसेनजित तिवारी ने टीम को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया. प्रतियोगिता में माई की भूमिका निभानेवाली डॉ रागिनी भूषण को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला. अन्य कलाकारों में विक्की, शमीम, सतनाम, मयंक को उनके उत्कृष्ट अभिनय के लिये सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया.




