जमशेदपुर : टाटा स्टील के खेल विभाग द्वारा आयोजित इंटर डिविजनल (आईडी) टेबल टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर में किया गया. इस रोमांचक प्रतियोगिता में टाटा स्टील की 17 विभिन्न यूनिट्स से कुल 135 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 113 पुरुष और 22 महिला खिलाड़ी शामिल थे. (नीचे भी पढ़े)

टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रवेश नारंग, चीफ – जीएसपी एवं वन सप्लाई चेन, टाटा स्टील उपस्थित रहे. उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में मुकुल विनायक चौधरी, चीफ – स्पोर्ट्स, टाटा स्टील और विभूति अडेसरा, हेड – इवेंट्स एवं ट्रेनिंग सेंटर्स, टाटा स्टील भी मौजूद थीं. जेनरल ऑफिस की टीम ने शानदार खेल कौशल और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। टीम टीएम, जीएसपी एवं वन सप्लाई चेन उपविजेता रही, जबकि वेस्ट बोकारो की टीम ने दूसरे उपविजेता का स्थान प्राप्त किया. आईडी टेबल टेनिस टूर्नामेंट में पहली बार शामिल किए गए महिला एकल वर्ग में जनरल ऑफिस की एस वासंता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया.(नीचे भी पढ़े)

वेस्ट बोकारो की अक्षिता पटेल उपविजेता रहीं, जबकि जनरल ऑफिस की दीपा कुमारी मिश्रा दूसरी उपविजेता रहीं. पुरुष एकल वर्ग में जनरल ऑफिस के दिनेश रक्षित ने विजेता का खिताब जीता. जीएसपी एवं वन सप्लाई चेन से प्रवेश नरांग उपविजेता रहे, जबकि जनरल ऑफिस के ही मयंक ठाकुर ने दूसरे उपविजेता का पुरस्कार प्राप्त किया. निष्पक्षता और नियमों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टूर्नामेंट में अनुभवी तकनीकी अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उज्जल चटर्जी, एलएन मित्रा, वैभव शर्मा, करन राज और प्रथमवीर भामरा जैसे जाने-माने तकनीकी विशेषज्ञों ने अपने दायित्वों को कुशलता और पूर्ण निष्ठा के साथ निभाया.




