जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के लाल बाबा फाउंड्री के निकट एक गोदाम से लाखों रुपये मूल्य के स्क्रैप की चोरी का मामला सामने आया है. घटना 28 जून की देर रात की है, मगर इसकी शिकायत चार दिन बाद, 2 जुलाई को थाने में दर्ज कराई गयी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल व उसके आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं. चोरी की इस वारदात के शिकार कारोबारी रामजीत राय है, जो मानगो डिमना रोड स्थित मून सिटी में रहते हैं. जानकारी के अनुसार, रामजीत राय को अगले ही दिन, यानी 29 जून की सुबह, अपने गोदाम से चोरी होने की सूचना मिली. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना रात करीब 11 बजे से लेकर एक बजे के बीच अंजाम दी गयी. बताया जा रहा है कि चोरी की गयी स्क्रैप की सामग्री केआर मेटल इंटरप्राइजेज की है, जो लाल बाबा फाउंड्री परिसर के ठीक बगल में स्थित है. (नीचे भी पढ़ें)
इस गोदाम में लोहे, स्टील एवं अन्य धातुओं का स्क्रैप संग्रहित किया जाता है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, करीब 3 से 5 लाख रुपये मूल्य की सामग्री की चोरी की गयी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि चोरी करने वाले आरोपियों की पहचान हो सके. पुलिस को उम्मीद है कि कैमरे की फुटेज से कुछ अहम सुराग हाथ लग सकते हैं. बर्मामाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की तफ्तीश प्रारंभ कर दी गयी है. मामले में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों की सहायता ली जा रही है.”




