जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित आदर्श सरकारी गृह निर्माण समिति (आदर्श नगर) का चुनाव अब पूरी तरह रोचक मोड़ पर पहुंच गया है. दो गुटों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, वहीं एक गुट पर गंभीर आरोप भी लगे हैं. चुनाव पदाधिकारी और जिले के उपायुक्त को दी गयी शिकायत में कहा गया है कि कुछ प्रत्याशियों द्वारा प्रशासन द्वारा जारी डमी बैलेट पेपर में बदलाव कर उसे मतदाताओं के बीच बांटा गया है. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि प्रत्याशी धनंजय डे, अलेयम्मा एंथोनी, वेरोनिका तिर्की, नरपति गगराई, समसुल हुसैन, समरेश दास, महेश्वरी दुबे, स्मिता दलाई, सस्मिता स्वाई, एके चौधरी और एसएम मिश्रा ने डमी बैलेट पेपर में अपने नाम के ऊपर ”वाईएनवाई” छपवाकर उसे बांटा है, जो नियमों का उल्लंघन है और सरकारी दस्तावेज के साथ छेड़छाड़ की श्रेणी में आता है. शिकायत में संबंधित प्रत्याशियों का नामांकन रद्द करने की मांग की गयी है. इसमें जांच के आदेश भी दे दिये गये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यह चुनाव हो रहा है, जिसमें कुल 2595 मतदाता वोट डालेंगे और 11 डायरेक्टर का चुनाव होगा. 22 प्रत्याशी मैदान में हैं. प्रत्याशियों में जमुना प्रसाद रजक, समरेश दास, नरपति गगराई, पार्था प्रकाश मांझी, इंद्राणी राय चौधरी, मधु सिंह, महेश्वरी दुबे, स्मिता दलाई, सस्मिता स्वाई, सुनीता कुमारी, अलेयम्मा एंथोनी, शाहिना परवीन, बाल्ही मार्डी, वेरोनिका तिर्की, अवधेश कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह, फालगुनी राय समेत अन्य लोग शामिल है. चुनाव प्रशासन की निगरानी में हो रहा है.











