जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित सीएसआइआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) की ओर से सीएसआइआर-जिज्ञासा वर्चुअल प्रयोगशाला परियोजना के तहत शुक्रवार को स्कूली विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए प्रयोगशाला भ्रमण का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों में वैज्ञानिक अनुसंधानों एवं नवाचार की दुनिया से परिचित कराकर उनमें वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित उक्त कार्यक्रम में गम्हरिया इंग्लिश स्कूल के 78 विद्यार्थियों एवं स्कूल के 4 शिक्षकों ने सीएसआइआर-एनएमएल का दौरा किया. (नीचे भी पढ़ें)

सुबह में सीएसआइआर-एनएमएल के निदेशक डॉ संदीप घोष चौधरी के स्वागत भाषण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई. डॉ संदीप घोष चौधरी ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए विगत 82 गौरवशाली वर्षों में राष्ट्र के विकास में सीएसआइआर के योगदान की संक्षिप्त जानकारी दी. इसके पश्चात आइएमसीडी विभाग की अध्यक्ष डॉ शर्मिष्ठआ पालित सागर ने सीएसआइआर-एनएमएल के महत्व और सीएसआइआर प्रयोगशाला में अनुसंधान और विकास गतिविधियों की चर्चा की. उसके बाद आइएमसीडी विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ अनिमेष जेना ने जिज्ञासा कार्यक्रम के उद्देश्य और इसकी विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में एएसी, ब्रास मेल्टिंग, अर्बन ओर-रीसाइक्लिंग, सीआरईईपी और एनडीटी जैसी कुछ शोध प्रयोगशालाओं का दौरा शामिल था. इसमें कुछ डाइ किट का प्रदर्शन भी किया गया. इसके पश्चात आइएमसीडी विभाग के वरीय वैज्ञानिक डॉ अनिमेष जेना ने विद्यार्थियों के लिए ऊर्जा साक्षरता विषय पर एक लोकप्रिय रोचक व्याख्यान शृंखला प्रस्तुत की. कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और समूह फोटोग्राफी के साथ हुआ. कुल मिलाकर, छात्रों और शिक्षकों ने प्रयोगशाला भ्रमण और शोध गतिविधियों के प्रदर्शन के दौरान प्राप्त ज्ञानवर्धक अनुभव पर संतुष्टि जताई.











