
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला जवाहर नगर रोड नंबर चार का है, जहां अधिवक्ता चिरंजीवी प्रकाश के आवास से चोरों ने नकद रुपये और कीमती आभूषण पर हाथ साफ कर दिया. ( नीचे देखें पूरी खबर)
घटना 12 जुलाई की रात की है, जब परिवार घर में मौजूद नहीं था. पीड़ित अधिवक्ता ने इस संबंध में मानगो थाना में मामला दर्ज कराया है. उन्होंने पुलिस को बताया कि ड्रेसिंग टेबल की दराज में लगभग 25 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण रखे गए थे, जिन्हें चोर चुरा ले गए. चोरों ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर या किसी अन्य तरीके से घर में प्रवेश किया, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.




