गुड़ाबांदा : गुड़ाबांदा प्रखंड के अर्जुनबेड़ा गांव निवासी दुलाल महतो (53) जो रोजगार के लिए दिल्ली में काम कर रहे थे, की अचानक तबीयत बिगड़ गयी. उनके पुत्र दीपक महतो ने उन्हें दिल्ली में स्थित मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती करा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने किसी तरह शव को दिल्ली से रांची लाया, लेकिन रांची से गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव अर्जुनबेड़ा तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा था. ऐसे में गुड़ाबांदा प्रखंड के भाजपा मंडल अध्यक्ष रवींद्र नाथ गांतात ने सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि को एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की. सूचना पाकर गौरव पुष्टि ने सांसद बिद्युत बरण महतो से संपर्क कर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई. (नीचे भी पढ़ें)
सांसद ने अपने निजी खर्च से एंबुलेंस की व्यवस्था कराई, जिससे पार्थिव शरीर को रांची से गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित उनके पैतृक गांव अर्जुनबेड़ा तक पहुंचाया जा सका. परिजनों ने सांसद श्री महतो की इस पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि इस मुश्किल समय में सांसद की और से मिली मदद से उन्हें काफी राहत मिली है.




