सरायकेला: राजद प्रदेश आला कमान के फैसले से सरायकेला- खरसावां राजद के युवा कार्यकर्ताओं में घोर नाराजगी नजर आने लगी है. जहां बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राजद के युवा नेता और जिलाध्यक्ष के प्रबल दावेदार सकला मार्डी ने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दरअसल प्रदेश नेतृत्व ने बैजू यादव को जिला अध्यक्ष मनोनीत किया है. उसके बाद से ही विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं. सकला मार्डी ने आदित्यपुर निवासी जनार्दन यादव, वीरेंद्र यादव, राजेश यादव और श्री राम यादव पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव को बहकाने का आरोप लगाते हुए उन्हें अध्यक्ष बनने का मौका नहीं देने का आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि उनके अथक परिश्रम से जिले में 72 सक्रिय सदस्य बनाए गए जबकि विरोधी टीम के सभी सूरमाओं ने मिलकर 10 से 12 सक्रिय सदस्य ही बनाए बावजूद इसके उनकी उपेक्षा की गई. पार्टी के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के नीति सिद्धांतों को मानते हुए जन-जन तक पार्टी की आवाज पहुंचने का काम किया मगर उनके साथ न्याय नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराऊंगा. हालांकि उन्होंने यह साफ कर दिया है कि किसी भी हाल में पार्टी के जनाधार पर इसका कोई असर पड़ने नहीं दिया जाएगा. बता दें कि सकला के रूप में पार्टी के पास एक आदिवासी चेहरा निकलकर सामने आया था जिसे पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने दरकिनार कर दिया है. इसका पार्टी के सेहत पर क्या असर पड़ेगा यह तो आने वाला समय ही बताएगा वैसे राजद का जनाधार जिला में ना के बराबर है. ऐसे में यदि गुटबाजी को हवा दी जाती है तो निश्चित तौर पर आने वाले समय में पार्टी के लिए यह नुकसानदायक फैसला साबित हो सकता है.



