भिलाई : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को राज्य में करोड़ों रुपये के शराब घोटाले की चल रही जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरफ्तारी ईडी की जांच में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है, जो पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य के शराब व्यापार से जुड़ी एक बड़ी भ्रष्टाचार योजना में कथित रूप से शामिल अधिकारियों और सहयोगियों के नेटवर्क को निशाना बना रही है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, भूपेश बघेल ने शुक्रवार को अपने आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापामारी के बीच देश में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए मोदी सरकार पर निशाना साधा. संघीय जांच एजेंसी ने दुर्ग जिले के भिलाई शहर में बघेल के घर पर उनके बेटे चैतन्य के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच से जुड़े कथित शराब घोटाले के सिलसिले में फिर से छापामारी की. कांग्रेस नेता ने कहा कि ईडी पहले भी आई थी. उन्हें मेरे घर से 33 लाख रुपये मिले थे. अब वे फिर से आए हैं. हम पूरा सहयोग करेंगे क्योंकि हम लोकतंत्र और न्यायपालिका में विश्वास करते हैं. वे (भाजपा) एजेंसी का दुरुपयोग कर रहे हैं, लेकिन हम उनका सहयोग करेंगे.
मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बघेल ने कहा कि अडानी से जुड़ा एक मामला सामने आया है. उन्हें खुश करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने मेरे आवास पर ईडी भेजा है. हम डरेंगे नहीं. उन्होंने कहा, “भूपेश बघेल न टूटेगा न झुकेगा. हम उनके सामने नहीं झुकेंगे. वे देश के सभी विपक्षी नेताओं को निशाना बना रहे हैं.”














