जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके कोवाली थाना क्षेत्र के पालीडीह गांव में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. ओडिशा से सब्जी लदा एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर स्थानीय निवासी और शिक्षक धानु माझी के मकान में जा घुसी, जिससे मकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और घर के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए. पीड़ित धानु माझी ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे जब परिवार के लोग दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, तभी ओडिशा से जमशेदपुर की ओर जा रही सब्जी लदी पिकअप वैन पालीडीह के संकीर्ण रास्ते से गुजर रही थी. तेज रफ्तार में होने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पास देने के प्रयास में वाहन सीधे उनके मकान से जा टकराया हादसे में मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
धानु माझी ने बताया कि मकान का वही हिस्सा टूटा है, जहां वे आमतौर पर सुबह बैठते हैं, लेकिन उस समय वह घर के भीतर थे, जिससे उनकी जान बच गयी. उन्होंने प्रशासन से मकान की मरम्मत हेतु उचित मुआवजे की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने पिकअप वैन को जब्त कर लिया है तथा चालक से पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यातायात नियमों के उल्लंघन की भी पड़ताल की जा रही है.



