जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू देवता भवन के पास मकान कब्जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गहराता जा रहा है. इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है. कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पहला मामला अंजू देवी की ओर से दर्ज कराया गया है, जो हरहरगुट्टू देवता भवन के पास रहती हैं. अंजू देवी ने शिकायत में बताया कि 20 जुलाई की रात उनके बंद मकान का ताला तोड़कर पड़ोसियों ने जबरन कब्जा कर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कन्हैया शर्मा, नीतु शर्मा, कमलकांत शर्मा उर्फ बबलू शर्मा, सोनी शर्मा और शिवानी शर्मा मिलकर एकजुट रूप से उनके घर में घुसे और ताला तोड़कर जबरदस्ती मकान पर कब्जा कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं दूसरी ओर, इसी घटना से जुड़े काउंटर केस में दूसरे पक्ष की महिला की ओर से मन्नु सिंह, अर्जुन सिंह और अंजू देवी को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है. शिकायत में आरोप है कि उक्त तीनों ने घर में घुसकर न सिर्फ मारपीट की, बल्कि महिला से छेड़खानी भी की. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दोनों मामले आपसी रंजिश से जुड़े प्रतीत हो रहे हैं और पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.



