रांची: झारखंड हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान 23 जुलाई को शपथ ग्रहण करेंगे. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उन्हें राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवाएंगे. जस्टिस तरलोक सिंह चौहान हाईकोर्ट के वर्तमान चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव का स्थान लेंगे. झारखंड के चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव का तबादला त्रिपुरा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के रुप में किया गया है. विदित हो कि मई महीने में सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने जस्टिस तरलोक सिंह चौहान के नाम की सिफारिश झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के लिए की थी. 14 जुलाई को केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी थी.( नीचे भी पढ़े)
जानें कौन है तरलोक सिंह चौहान
चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान का जन्म 9 जनवरी 1964 को शिमला जिले की रोहड़ तहसील मे हुआ था. उन्होंने स्कूली शिक्षा बिशप कॉटन स्कूल शिमला से पूरी की. इसके बाद गवर्नमेंट डिग्री कालेज संजौली से बीए की डिग्री हासिल की. बाद में पंजाब विवि चंडीगढ से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की. तरलोक सिंह चौहान ने 1989 में हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में एक वकील के रूप में अपने न्यायिक करियर की शुरआत की. उन्हें वर्ष 2007 में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया. जस्टिस तरलोक सिंह चौहान को 23 फरवरी 2014 को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया. 30 नवंबर 2014 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली.



