रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार ने सोमवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक की, जिसमें मुख्य रूप से स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं जल जीवन मिशन के तहत संपादित कार्यों की समीक्षा की. बैठक में सर्वप्रथम विगत बैठक में दिए गए विभिन्न निर्देशों के तहत की गई कार्रवाई आधारित प्रतिवेदनों का अवलोकन करते हुए पूर्व में निर्मित ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की मरम्मत एवं संपोषण के लिए संबंधित प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को प्राक्कलन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, साथ ही संबंधित ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के साथ समन्वय स्थापित कर, तदर्थ समिति को योजनाओं की मरम्मत एवं संपोषण करने के निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में उपायुक्त ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत किये गये कार्यों की समीक्षा के दौरान लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के उद्देश्य से अगली बैठक में संबंधित कार्यकारी एजेंसी/संवेदक को भी उपस्थित रहने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए जलापूर्ति योजनाओं के सारे कार्य शीघ्र पूरे करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2025 के सफल कार्यान्वयन के लिए विशेष रणनीति एवं तैयारी से संबंधित विविध बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई. इसके अलावा स्वच्छता सर्वेक्षण में जिले की उत्कृष्ट सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर, जन जागरूकता अभियान को तेज करने तथा समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरे करने पर जोर दिया गया. बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल- चक्रधरपुर, पेयजल विभाग के सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक- स्वच्छ भारत मिशन/जल जीवन मिशन सहित अन्य उपस्थित रहे.



