घाटशिला: जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो को लगातार तीसरी बार संसद रत्न पुरस्कार से नवाजा गया है. जो उनके उत्कृष्ट और निरंतर संसदीय योगदान का प्रतीक है. यह सम्मान उन्हें नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में प्रदान किया गया.यह पुरस्कार संसदीय लोकतंत्र में उत्कृष्ट और निरंतर योगदान के लिए दिया जाता है. इसकी स्थापना 2010 में प्राइम पॉइंट फाउंडेशन और ई-मैगजीन ‘प्रीसेंस’द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के सुझाव पर की गई थी. अब तक 14 संस्करणों में कुल 125 पुरस्कार प्रदान किए जा चुके हैं. वे संसद में अपनी निरंतर उपस्थिति, प्रभावी बहस और जनता से जुड़े मुद्दों को पुरजोर ढंग से उठाने के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने शिक्षा, रोजगार, रेल, कृषि, सिंचाई, माइंस, सड़क एवं हाईवे, एयरपोर्ट, स्वर्णरेखा परियोजना, और झारखंड सहित जमशेदपुर के विकास से जुड़े मुद्दों पर कई बार संसद में जोरदार आवाज़ उठाई है.(नीचे भी पढ़े)
नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र भवन में सम्पन्न हुए एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने उन्हें अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया. यह सम्मान ना केवल जमशेदपुर वासियों के लिए बल्कि पूरे झारखंड वासियों के लिए गौरवान्वित करने वाला क्षण है.सांसद विद्युत वरण महतो ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह पुरस्कार उनकी जिम्मेदारी को और भी बढ़ाता है. वे अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को समझते हैं और उनका समाधान करने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं. उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनकी नहीं बल्कि उनके संसदीय क्षेत्र के जनता का सम्मान है.जमशेदपुर और झारखंड के लोगों ने सांसद विद्युत वरण महतो को बधाई दी है और उनके इस सम्मान को क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है. ग्रामीणों ने उनके निरंतर प्रयासों की सराहना की है.











