मेदिनीनगर (पलामू): जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में शनिवार को 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी. समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में उन्होंने कहा कि आजादी के पर्व को धूमधाम एवं भव्य तरीके से आयोजित करने में सभी पदाधिकारी अपना सहयोग दें.(नीचे भी पढ़े)
बैठक में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन केंद्र मेदिनीनगर में प्रातः 9:05 बजे होगा. इसके बाद पलामू प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, जिला समाहरणालय, नगर निगम सहित जिले के समस्त कार्यालय,सदर अनुमंडल कार्यालय, जिला परिषद कार्यालय एवं रेड क्रॉस सोसाइटी परिसर में झंडोत्तोलन किया जायेगा. परेड में अर्द्धसैनिक बलों की अलग-अलग टुकड़ियां शामिल होंगी. (नीचे भी पढ़े)
उपायुक्त ने सहायक नगर आयुक्त को स्टेडियम में कार्यक्रम को लेकर बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए, वहीं सड़कों पर बैरिकेडिंग व मेडिकल टीम के तैनाती सहित विभिन्न बिंदुओं पर निर्णय लिया गया. इसके साथ ही 15 अगस्त को जिले में मांस एवं मदिरा की दुकानों को बंद रखने का भी निर्णय लिया गया. इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन करने का निर्णय लिया गया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, एएसपी, सदर एसडीएम, सहायक समाहर्ता समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.











