रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : गोइलकेरा प्रखण्ड अन्तर्गत आराहासा पंचायत में सरबिल से कुरकुटिया तक बन रही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क के काम में भारी अनियमितता बरती जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. इस पर रविवार को पंचायत के जन प्रतिनिधियों, विभिन्न गांवों के मुंडा, सामाजिक कार्यकर्ताओँ एवं विभिन्न गांवों के ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित हुई. ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में (13 साल पूर्व) भी इस सड़क का निर्माण हुआ था, लेकिन निर्माण के एक साल के अंदर ही सड़क टूटने लग गई थी. अब फिर उसी ठेकेदार के द्वारा सड़क की मरम्मत कराई जा रही है, जिसने शुरू में सड़क बनवाई थी. लेकिन कार्य आरंभ होने से पूर्व कार्य योजना स्थल पर नियम विरुद्ध कार्य-बोर्ड नहीं लगाना और न ही गुणवत्तापूर्ण मेटल बिछाना और मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी दर से वंचित करना आदि, जिससे ग्रामीण ठेकेदार से काफी नाराज हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में ग्रामीणों ने कंपनी के संवेदक को निर्देश देते हुए कहा है कि अगर गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कार्य नहीं होती है तो सड़क निर्माण कार्य बंद कर दिया जाए और पूर्व की भांति सड़क को खराब हालत में छोड़ दिया जाए. मौके पर पंचायत के मुखिया-जोंको अंगरिया, विभिन्न गांवों के ग्रामीण मुंडा – यदु अंगरिया, महेश लाल कोड़ा, दिलबर हेम्ब्रम, मर्तोम अंगरिया, मानसिंह अंगरिया, सामाजिक कार्यकर्ता – लक्ष्मण लगुरी, मानसिंह कोड़ा, विकास अंगरिया, लक्ष्मण पुर्ती, मनहरण हेम्ब्रम, दुबराज अंगरिया, प्रेम सिंह अंगरिया, गुलिया अंगरिया, डांगुर अंगरिया, यदु तियू एवं विभिन्न गांवों के कई ग्रामीण उपस्थित थे.



