चाण्डिल : 20 सितंबर को प्रस्तावित रेल टेका आंदोलन को देखते हुए चांडिल अनुमंडल दंडाधिकारी विकास कुमार राय ने पूरे अनुमंडल क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत कड़ी निषेधाज्ञा लागू कर दी है. यह आदेश 19 सितंबर 2025 की शाम 6 बजे से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा. मालूम हो कि आदिवासी कुड़मी समाज अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 20 सितंबर को नीमडीह थाना अंतर्गत लेवल क्रॉसिंग गेट जेसी-56 (पितकी फाटक) और तिल्ला लेवल क्रॉसिंग गेट पर रेलवे परिचालन बाधित करने की योजना बना रहा है. प्रशासन ने आशंका जताई है कि इस दौरान सरकारी कार्य, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इस दौरान नीमडीह थाना अन्तर्गत चाण्डिल, नीमडीह, हेसालोंग तथा झीमड़ी रेलवे स्टेशनों एवं तिरूलडीह थाना अंतर्गत तिरुलडीह और लेटमदा रेलवे स्टेशनों पर भी रेल परिचालन बाधित किये जाने की आशंका जताई गई है. (नीचे भी पढ़ें)
आदेश के मुताबिक दोनों गेटों के 25 मीटर दायरे में पांच या पांच से अधिक लोगों के जमा होने पर रोक रहेगी. घातक हथियार, आग्नेयास्त्र, लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गंडासा-भाला आदि लेकर चलना प्रतिबंधित रहेगा. धरना, प्रदर्शन, घेराव, जुलूस, रैली और आमसभा आयोजित करने पर रोक रहेगी. बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग की मनाही रहेगी. निषेधाज्ञा के प्रावधान सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी/कर्मचारियों, धार्मिक या अंत्योष्टि कार्यक्रमों पर लागू नहीं होंगे. यात्री गाड़ियों के आगमन और प्रस्थान को इस आदेश से छूट दी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और रेल परिचालन सुचारू रखने के लिए यह कदम उठाया गया है. इधर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थानों को अलर्ट जारी कर दिया गया है और पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है.














