जमशेदपुर : भारतीय थल सेना से सेवानिवृत्त एसपीआर हीरा लाल सिंह का गुरुवार को निधन हो गया था. सूचना मिलने पर जमशेदपुर पूर्व सैनिक सेवा परिषद् के सक्रिय सदस्य सुशील कुमार सिंह एवं महामंत्री दिनेश सिंह के नेतृत्व में परिषद के प्रतिनिधियों ने तिरंगा ध्वज सम्मान प्रदान किया. इसके पश्चात उनके आवास से उनका पार्थिव शरीर बर्मामाइंस वरिष्ठ नागरिक भवन लाया गया, जहां वरिष्ठ नागरिकों ने उन्हें अंतिम विदाई दी. प्रशासन की तरफ से बर्मामाइंस गोलमुरी सीतारामडेरा थाना के पीसीआर ने वीर सैनिक की अंतिम यात्रा की अगुआई की. भुइयांडीह स्वर्णरेखा घाट में सेना की तरफ से कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मानस कुंडू के प्रतिनिधि के रूप में नायब सूबेदार बलवीर सिंह ने पुष्प चक्र चढ़ाया जबकि राज्य सैनिक निदेशक ब्रिगेडियर निरंजन कुमार एवं कोल्हान सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल किशोर सिंह के प्रतिनिधि के रूप में पूर्व सैनिक सुशील कुमार सिंह ने पुष्प चक्र चढ़ाया. पूर्वी सिंहभूम पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रतिनिधि के रूप में हवलदार सतेंद्र सिंह, बर्मेश्वर पांडेय, बलजीत सिंह, राधेश्याम सिंह, विजय शंकर पांडेय, उपेंद्र सिंह, अशोक श्रीवास्तव, सतनाम सिंह, अजय कुमार सिंह, शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, संजय सिंह, पप्पू सिंह, पवन सिंह ने आदि ने संयुक्त रूप से पुष्प चक्र चढ़ाया. इस अंतिम सैनिक सम्मान यात्रा में सैकड़ो की संख्या में नगर वासी शामिल हुए. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि वर्ष 1965 में सेना में भर्ती हुए श्री सिंह को प्रशिक्षण काल में ही युद्ध का माहौल देखने का सौभाग्य मिला. तत्पश्चात 1971 युद्ध में भी अपनी सेवा दे चुके हीरा लाल सिंह ने 1973 में सेना से सेवानिवृत्ति के बाद जमशेदपुर स्थित टीआरएफ कंपनी में सेवा दी और वहां से सेवानिवृत होने के बाद बर्मामाइंस प्रेमनगर में अपने दो पुत्रों, दीपेश एवं रूपेश, बेटी सोनी सहित पूरे परिवार के साथ रह रहे थे.



