जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के मालियानता गांव में सोमवार की शाम खेत में काम कर रहे एक महिला की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई. मृतिका की पहचान गांव के रहने वाली 50 वर्षीय मालती सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मालती सिंह अपने पति के साथ खेत में काम करने के लिए गई थीं. इस दौरान अचानक आसमान में बादल घिर आए और तेज बारिश शुरू हो गई. इसी बीच वज्रपात की चपेट में आने से मालती सिंह गंभीर रूप से घायल हो गयी. (नीचे भी पढ़े)
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि मालती सिंह के चार बच्चे हैं. अचानक घटना से परिवार पूरी तरह से सदमे में है. पति व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया है. मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. इधर, गांव में इस हादसे से शोक की लहर है.



