हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिला के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के भराजो गांव निवासी सोनू कुमार द्वारा 30 जुलाई को एक सनसनीखेज शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें यह बताया गया कि गांव के ही निवासी उदय कुमार कुशवाहा (जो पिछले 45 वर्षों से अमेरिका में रहकर व्यवसाय कर रहे हैं) ने उन्हें अमेरिका में नौकरी दिलाने का झांसा देकर, फर्जी दस्तावेजों और मानव तस्करी के डंकी रूट के माध्यम से वर्ष 2024 में ब्राजील के लिए रवाना किया. वादी के अनुसार, उदय कुमार ने विकास कुमार (दर्शन प्रसाद का पुत्र) और पिंटू कुमार दारू थाना के जरगा निवासी को भी अलग-अलग दिन दिल्ली से ब्राजील भेजा. ब्राजील पहुंचने पर इन तीनों को अंतरराष्ट्रीय डंकी माफिया के हवाले कर दिया गया, जिन्होंने उन्हें छिपाकर रोड और नदी मार्ग से बोलिविया, पेरू, कोलंबिया, इक्वाडोर, पानामा, कोस्टरिका, होंडुरास, ग्वाटेमाला होते हुए अमेरिका पहुंचाने की कोशिश की. वादी को 50 दिन तक माफिया के कब्जे में रखा गया. इस दौरान उदय कुमार ने वादी के गरीब पिता को अमेरिका से कॉल कर और पैसे की मांग की. (नीचे भी पढे़ं)
विवश होकर वादी के पिता ने अपनी पैतृक जमीन बेचकर लगभग 45 लाख रुपये की राशि उदय कुमार के रिश्तेदारों को अलग-अलग माध्यम से दी. वादी को मैक्सिको सिटी होते हुए सैन डियेगो भेजा गया, लेकिन अमेरिकी बॉर्डर पर उसे पकड़कर डिटेंशन सेंटर में डाल दिया गया, जहां वह लगभग चार महीने तक रहा. मार्च 2025 में उसे भारत डिपोर्ट कर दिया गया. घर लौटने के बाद जब वादी ने अपनी रकम की मांग की, तो उदय कुमार और उनके भाई चोहान प्रसाद द्वारा गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई. डर के कारण वादी ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. जिस पर टाटीझरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया. इसके बाद हजारीबाग एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ बिश्रुगढ़ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. अनुसंधान एवं छापेमारी के क्रम में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें अमेरिका में रहने वाले उदय कुमार कुशवाहा, टीटीझरना के दर्शन प्रसाद, लालमोहन प्रसाद, चोहान प्रसाद और शंकर प्रसाद शामिल है. (नीचे भी पढे़ं)
उदय कुमार के पास से सैमसंग मोबाइल, जिसमें पीड़ित और उसके पिता से वाट्सएप चैट की छायाप्रति, उसकी पत्नी के नाम से एक्सिस व एसबीआइ बैंक एकाउंट डिपोजिट परर्चा, नोटबुक जिसमें डंकी रूट से भेजे गए लोगों की सूची और उनसे वसूली गई रकम का विवरण, दर्शन प्रसाद के पास से मोबाइल, जिसमें ट्रांजैक्शन स्क्रीनशॉट, लालमोहन प्रसाद के पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा उसमें उदय कुशवाहा के साथ लेनदेन का व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट और शंकर प्रसाद के पास से मोटोरोला मोबाइल, जिसमें उदय से लेन-देन से जुड़े वाट्सएप चैट शामिल है. अब तक की सूचना के मुताबिक, इन लोगों ने करीब एक दर्जन लोगों को डंकी रुट से लोगों को अमेरिका भेजा है. (नीचे भी पढे़ं)
इसमें दिगंबर कुशवाहा (2018), राजकुमार कुशवाहा (2013), नंदू कुमार (2022), पप्पू कुमार (2022), चन्दन कुमार (2022), शंभू दयाल (2022), पृथ्वी राज कुशवाहा उर्फ सोनू (2022), संजय वर्मा (2022), सुमन सौरभ प्रसाद (2022), प्रवीण कुमार (2022), अरुण कुमार कुशवाहा (2019) और धीरज कुमार (2019) शामिल है. हजारीबाग पुलिस इस मामले को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी रैकेट के रूप में देख रही है. इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों और माफिया नेटवर्क की तलाश जारी है. आमजन से अपील है कि ऐसे किसी भी झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें.














