विश्व स्तनपान सप्ताह हर साल 1 से 7 अगस्त तक 120 से अधिक देशों में मनाया जाता है. यह एक वैश्विक अभियान है, जिसका उद्देश्य स्तनपान के महत्व को रेखांकित करना और माताओं को सशक्त बनाने के लिए सहयोगी ढांचा विकसित करना है. वर्ष 2025 की थीम “स्तनपान को प्राथमिकता दें, सतत सहयोग प्रणाली बनाएं” इस दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता को दर्शाती है. स्तनपान केवल शिशु के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी लाभकारी है. यह एक प्राकृतिक, नवीकरणीय आहार है, जिसमें न तो पैकेजिंग की जरूरत होती है और न ही किसी प्रकार का प्रदूषण होता है. कृत्रिम आहार की तुलना में यह जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में सहायक है. साथ ही, यह शिशु को संपूर्ण पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता, बेहतर मानसिक विकास और मां के साथ गहरा भावनात्मक जुड़ाव प्रदान करता है. माताओं के लिए भी यह प्रसवोत्तर स्वास्थ्य, वजन नियंत्रण, कुछ प्रकार के कैंसर से बचाव और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाता है. 1992 से शुरू हुआ यह सप्ताह अब संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों से भी जुड़ चुका है. “वॉर्म चेन ऑफ सपोर्ट” अभियान के माध्यम से इसका उद्देश्य नीति निर्माताओं, स्वास्थ्य सेवाओं, कार्यस्थलों और समुदायों को जोड़कर स्तनपान को बढ़ावा देना है. स्तनपान, कुपोषण से लड़ने और एक स्वस्थ, समावेशी भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिसे सामाजिक, पर्यावरणीय और वैश्विक स्वास्थ्य एजेंडे से जोड़ना आज की आवश्यकता है. (नीचे भी पढ़ें)
मां और बच्चे दोनों के लिए स्तनपान का महत्व
बच्चों के लिए
-यह शिशु को उत्तम पोषण प्रदान करता है.
-संक्रमणों और बीमारियों से सुरक्षा देता है.
-दीर्घकालिक लाभ भी होते हैं, जैसे कि पुरानी बीमारियों का कम खतरा और बेहतर मानसिक विकास.
-आकस्मिक शिशु मृत्यु सिंड्रोम (एसआइडीएस) का कम खतरा.
-आसान पाचन.
-मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता.
-सही तापमान और सहजता.
-ठोस आहार की ओर सुचारु रूपांतरण.
-मां और बच्चे के बीच गहरा भावनात्मक संबंध. (नीचे भी पढ़ें)
माताओं के लिए
-प्रसवोत्तर वजन कम करने में सहायक.
-गर्भाशय के सिकुड़ने में मदद.
-ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों के कमजोर होने) का जोखिम कम.
-प्रसवोत्तर अवसाद का खतरा घटता है.
-परिवार नियोजन में मददगार.
-आर्थिक बचत.
-सुविधाजनक और प्राकृतिक विकल्प.
-मातृ स्वास्थ्य में सुधार.
-प्रसव के बाद जल्दी स्वस्थ होने में मदद करता है.
-कुछ प्रकार के कैंसर और बीमारियों के जोखिम को कम करता है.
-मां और शिशु के बीच गहरा भावनात्मक संबंध मजबूत करता है.














