जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर 1 में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने स्वर्णरेखा नदी में एक महिला का शव बहते देखा. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में खलबली मच गई. लोगों ने तुरत उलीडीह थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया. मृत महिला की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि शव की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

उलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शव नदी में कहीं और से बह कर रामनगर इलाके तक पहुंचा है. यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत कुछ दिन पहले हुई हो सकती है. हालांकि, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि शव की पहचान हो सके. साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है कि कहीं किसी ने महिला को इलाके में देखा था क्या. घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है. लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही महिला की पहचान कर, मौत के रहस्य से पर्दा उठाया जा सकेगा.




