नई दिल्ली : रेलवे ने त्योहारी सीजन में अपने यात्रियों के लिए आकर्षक किराया छूट योजना की घोषणा की है. इसके तहत रेल यात्री इस त्योहारी सीजन के लिए टिकट बुक कराने पर किराये में 20 फीसदी की छूट प्राप्त कर सकेंगे. रेलवे ने शुक्रवार को जारी एक आदेश में उक्त योजना की जानकारी दी है. रेलवे ने इस योजना को ‘राउंड ट्रिप पैकेज’ नाम दिया है. इस योजना के तहत अगर कोई यात्री एक साथ जाने और आने, दोनों के लिए टिकट बुक कराता है तो उसे वापसी की टिकट पर 20 फीसदी की छूट मिलेगी. आगामी त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भीड़ एवं टिकटों के लिए आपाधापी खत्म करने के लिए यह कदम उठाया है. (नीचे भी पढ़ें)
रेलवे के अनुसार अगर कोई यात्री अपने जाने एवं आने की टिकट एक साथ बुक कराता है तो उसे वापसी टिकट पर 20 फीसदी की छूट दी जाएगी. यद्यपि रेलवे ने इसके लिए कुछ शर्तें भी घोषित की हैं, जिनके अनुसार यात्री के जाने और आने, दोनों तरफ की टिकटें एक ही दर्जे के लिए होनी चाहिएं. रेलवे के अनुसार यात्री आगामी 13 अक्टूबर से आरंभ होनेवाली इस योजना का लाभ आगामी 1 दिसंबर, 2025 तक उठा पायेंगे. रेलवे के अनुसार यात्री की जाने की टिकट 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच की यात्रा के लिए एवं वापसी की टिकट 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच की यात्रा के लिए होनी चाहिए. इसके अलावा यात्री की दोनों टिकटें कन्फर्म होनी चाहिए एवं उन टिकटों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाना चाहिए. यही नहीं, इस टिकट में किफंड की सुविधा नहीं मिलेगी और न ही इन टिकटों पर कोई ऑफऱ मान्य होगा. (नीचे भी पढ़ें)
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार यात्रियों को यह सुविधा सभी ट्रेनों और सभी श्रेणियों में दी जाएगी, हालांकि इसके लिए दोनों ही टिकटें एक साथ और एक ही माध्यम से बुक होनी चाहिएं. ऐसी टिकटें ऑफलाइन एवं ऑनलाइन, दोनों ही माध्यमों से बुक कराई जा सकेंगी. रेल मंत्रालय से जारी सूचना के अनुसार त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भीड़ कम करने एवं ट्रेनों का दोनों ओर से बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रयोग के तौर पर राउंड ट्रिप पैकेज शुरू किया जा रहा है.











