रामगढ़ : गांव के खुले आंगन, मिट्टी की महक और अपनत्व से भरे वातावरण में रहते हुए भी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की प्राथमिकता जनता की सेवा ही है. इन दिनों अपने पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) में रहकर एक साथ पुत्र धर्म और राज्य धर्म का निर्वहन कर रहे हैं. एक ओर जहां वे दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म की स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों का निर्वाह कर रहे हैं. वहीं राज्य के विकास और प्रशासनिक कार्यों के प्रति पूरी तरह सक्रिय हैं. गांव के सादगीपूर्ण माहौल में रहते हुए वे लगातार विभिन्न विभागों से प्राप्त फाइलों और प्रस्तावों पर निर्णय ले रहे हैं तथा अधिकारियों से फोन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही न हो और योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन निर्धारित टाईमलाईन से किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक, जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनके समाधान में पूरी तत्परता बरती जाए.(नीचे भी पढे)

दिशोम गुरु शिबू सोरेन को सैकड़ों की संख्या में “कुड़मालि भाखी चारि आखड़ा” के सदस्यों ने अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से नेमरा (रामगढ़) स्थित पैतृक गांव में “कुड़मालि भाखी चारि आखड़ा” के सदस्यों ने मुलाकात कर उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को स्मरण करते हुए एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया. इसमें “गुरूजी” को श्रद्धा व्यक्त करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ सदस्यों ने गुरूजी के जीवन, विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि गुरूजी ने सदैव शिक्षा, सेवा और एकता का संदेश दिया. उनका मार्गदर्शन और प्रेरणा हमेशा समाज को दिशा देता रहेगा. सभा में उपस्थित लोगों ने गुरूजी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. इस मौके पर “कुड़मालि भाखी चारि आखड़ा” के संरक्षक दीपक पुनरियार, जिला संरक्षक सदस्यगण में अनंत कंड़हरआर, सुभाष पुनरियार, गोविंद पुनरियार, सुखदेव जालबनवार, अशोक हिन्दयार, चंद्र मोहन सखवार , सुभाष हिन्दयार के अलावे सैकड़ों की संख्या में संगठन के पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे.(नीचे भी पढे)

फिल्म निर्माता निर्देशक प्रकाश झा गुरूजी शिबू सोरेन से मिले
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से नेमरा स्थित पैतृक गांव में फिल्म निर्माता निर्देशक प्रकाश झा ने मुलाकात कर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. मौके पर उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस विकट दुःख को सहन करने शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.



