जमशेदपुर : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जमशेदपुर के कदमा स्थित टाटा स्टील के प्रकृति विहार क्लब हाउस देशभक्ति के रंगों में सराबोर रहा. कॉलोनी की महिलाओं ने मिलकर विविध रंगों और सृजनात्मकता से भरी रंगोलियां सजाईं, जिन्हें स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति और उनके योगदान को समर्पित किया गया. तिरंगे की छटा, देशभक्ति के प्रतीक और प्रेरणादायक संदेशों से सजी ये रंगोलियाँ सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं.(नीचे भी पढे)

इस अवसर पर बच्चों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने देशभक्ति विषय पर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया. प्रकृति विहार में यह परंपरा वर्षों से जारी है कि हर वर्ष 15 अगस्त और 26 जनवरी को विशेष रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल-कूद प्रतियोगिताएँ, और मनोरंजक गतिविधियां बच्चों एवं महिलाओं के लिए आयोजित की जाती हैं. इन आयोजनों का उद्देश्य सामुदायिक एकता को मजबूत करना और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना है.



