जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में विशेष रूप से साकची मार्केट और उसके आसपास लगनेवाले जाम को लेकर शुक्रवार को डीसी-एसएसपी खुद सड़कों का जायजा लेने उतरे. उनके साथ जिले के तमाम पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद रहे. इस दौरान डीसी ने साकची बाजार में हुए अतिक्रमण और अवैध रूप से फुटपाथ पर लगनेवाली दुकानों को लेकर नाराजगी जताई. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने अक्षेस से फुटपाथी दुकानदारों का ब्योरा मांगा और उन्हें व्यवस्थित करने का निर्देश दिया. डीसी ने बताया कि शहर में आगामी पर्व-त्योहार के मद्देनज़र यह कार्रवाई की जा रही है. शहर के प्रमुख बाजारों एवं सड़कों पर जाम न लगे, इसको लेकर पदाधिकारियों को निर्देश दिये गए हैं. साथ ही, फुटपाथी दुकानदारों को भी किसी तरह की परेशानी ना हो, इसे भी ध्यान में रखा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं एसएसपी पीयूष पांडे ने बताया कि भीड़भाड़ और बाजार वाले स्थानों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि अपराध पर अंकुश लगे और लोग आसानी से बाजारों में आ-जा सकें. ट्रैफिक जाम को लेकर भी कई दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने सभी पदाधिकारियों को इसका सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया.











