जमशेदपुर: 22 अगस्त, शुक्रवार को सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर में सीएसआईआर-जिज्ञासा वर्चुअल प्रयोगशाला परियोजना के अंतर्गत श्रीनाथ पब्लिक स्कूल, जमशेदपुर के 54 छात्र-छात्राओं और 2 शिक्षकों के लिए एक विशेष प्रयोगशाला भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक जागरूकता बढ़ाना और उन्हें अनुसंधान एवं नवाचार की दुनिया से परिचित कराना था.कार्यक्रम का उद्घाटन एनएमएल के निदेशक संदीप चौधरी ने किया. डॉ. संदीप घोष चौधरी ने सभी उपस्थित छात्रों और शिक्षकों का स्वागत किया और सीएसआईआर-एनएमएल की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, तकनीकी विकास और अनुसंधान में योगदान की जानकारी दी.(नीचे भी पढ़े)

इसके पश्चात डॉ. सर्मिष्ठा सागर (मुख्य वैज्ञानिक एवं प्रमुख, आईएमडीसी) ने सीएसआईआर-एनएमएल की भूमिका और इसके अनुसंधान एवं विकास कार्यों की महत्ता पर प्रकाश डाला.इसके बाद डॉ अनीमेष जाना, वरिष्ठ वैज्ञानिक, आईएमडीसी ने जिज्ञासा कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना और वैज्ञानिकों तथा युवा प्रतिभाओं के बीच एक मजबूत संबंध स्थापित करना है. कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों ने कई अनुसंधान प्रयोगशालाओं का दौरा किया, जिनमें अप्लाइड एवं एनालिटिकल केमिस्ट्री डिवीजन, क्रीप परीक्षण सुविधा, धातुओं की नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग, ई-वेस्ट रीसायक्लिंग, पीतल गलाने की प्रक्रिया तथा डू इट योरसेल्फ (डीआईवाई) किट का प्रदर्शन शामिल था.कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सभी प्रतिभागियों के समूह चित्र के साथ हुआ. कुल मिलाकर, छात्रों और शिक्षकों ने इस प्रयोगशाला भ्रमण और अनुसंधान गतिविधियों के प्रदर्शन को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया, और इस कार्यक्रम से प्राप्त जानकारी को अत्यंत उपयोगी बताया.











