जमशेदपुर: दुर्गा पूजा के मद्देनजर रविवार को पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा कमिटी की बैठक सर्किट हाउस में हुई. इस बैठक में आय-व्यय के लेखा-जोखा प्रस्तुत किए जाने के साथ साथ अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. सबसे पहले कार्यकारिणी के तमाम सदस्यों ने सर्वसम्मति से पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर को पूजा समिति का कार्यकारी अध्यक्ष चुना, जिससे संबंधित पत्र खुद पूर्व विधायक एवं मंत्री दुलाल भुइयां ने धर्मेंद्र सोनकर को सौंपा.विदित हो कि पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा कमिटी सन 1990 में स्थापित हुई एवं तब से लेकर आज तक अपने 35 सालों के इतिहास में समिति ने दुर्गा पूजा से संबंधित धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक चेतना को अक्षुण्ण रखते हुए प्रशासन से बेहतरीन सामंजस्य तथा सहयोग बनाते हुए, पूजा के दौरान विधि व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द, यातायात एवं भीड़ को नियंत्रित और पूजा के सफल आयोजन में भूमिका निभाई है.(नीचे भी पढ़े)
समिति की बैठक में पूजा से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों यथा पूजा के दौरान भारी भीड़ का कुशल एवं योजनबद्ध तरीके से नियंत्रण, आम जनता की बुनियादी सुविधाओं का अबाध्य संचालन, विधि व्यवस्था, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण तथा विसर्जन से सम्बन्धित तमाम संभावित समस्याओं एवं उसके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. अगले स्तर पर समिति ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर तमाम पूजा समितियों की तैयारियों का जायजा लेकर जल्द ही उपायुक्त के साथ बैठक करेगी जहां प्रशासन से अधिकाधिक परस्पर सहयोग सुनिश्चित की जाएगी.धर्मेंद्र सोनकर ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष की अपनी इस नई जिम्मेदारी के तहत उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि वे समिति की गौरवशाली परंपरा का अनुशरण करते हुए दुर्गा पूजा के भव्य एवं शांतिपूर्ण सफल आयोजन को सुनिश्चित करें. उन्होंने समिति के तमाम सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए दोहराया कि वे धन्यवाद करते है कि उन्हें इस काबिल समझा गया कि वे मां दुर्गा की सेवा में अपना गिलहरी सा योगदान दे पाएं.



