बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार सुबह बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. प्रखंड के मेरूघाटी, चड़कमारा, बामडोल, मधुआबेड़ा, महुलडांगरी और गुहियापाल समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों के नदी व तालाब घाटों पर आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला. सुबह से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जहां लोगों ने विधि-विधान के साथ आस्था की डुबकी लगायी. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में स्नान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है. इसी परंपरा का निर्वाहन करते हुए श्रद्धालुओं ने स्नान के उपरांत घाटों पर ही गरीबों व जरूरतमंदों के बीच अन्न, वस्त्र एवं द्रव्य का दान किया और अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)
घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने बताया कि सनातन परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व है, लेकिन जिन क्षेत्रों में गंगा नदी प्रवाहित नहीं होती, वहां के लोग स्थानीय पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान कर गंगा स्नान के समान ही पुण्य के भागी बनते हैं. इसी आस्था के चलते बहरागोड़ा के सभी प्रमुख नदी घाटों पर दिनभर उत्सव और भक्तिमय माहौल बना रहा.












