जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी अंतर्गत टी एंड बी नर्सिंग होम के बगल स्थित रिजवान शरीफ के घर में चोरी हो गई है. स्वयं रिजवान शरीफ ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार शाम लगभग 6 बजे पूरा परिवार राजमहल चला गया था. रविवार को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य गेट पर एक अतिरिक्त ताला लगा है. संदेह होने पर उन्होंने तत्काल कपाली ओपी पहुंचकर पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर उन्हें अपने स्तर से ताला खोल कर घर का मुआयना करने की सलाह दी. इसके बाद रिजवान ने जब घर का ताला तोड़ कर अंदर प्रवेश किया, तो पाया कि अलमारी से 10 हज़ार रुपये नकद गायब थे. हालांकि, अलमारी में मौजूद सोने की ज्वेलरी हिडन कैविटी में सुरक्षित मिली. (नीचे भी पढ़ें)

रिजवान ने आशंका जताई कि चोर संभवतः जल्दबाजी में अलमारी के सभी हिस्सों की जांच नहीं कर पाए, जिसके कारण कीमती आभूषण चोरी से बच गए. खास बात यह रही कि घर के सामानों में कोई अव्यवस्था नहीं थी. अनुमान लगाया जा रहा है कि पड़ोसियों को शक न हो, इसके लिए चोरों ने बाहर से दूसरा ताला लगाकर स्थिति सामान्य दिखाने की कोशिश की. फिलहाल खबर लिखे जाने तक कपाली ओपी में इस मामले को लेकर किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं और स्थानीय लोग सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं.



