जमशेदपुर: बहरागोड़ा पुलिस ने गुरुवार को नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया. पकड़े गए युवक का नाम अतुल कुंवर है, जो थाना क्षेत्र के मेन रोड दादा होटल के पास का रहने वाला है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डोडा मोटरसाइकिल से ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया और संदिग्ध युवक को रोका. तलाशी लेने पर उसके पास से 19 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ. साथ ही प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया. (नीचे भी पढ़े)
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ था और विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था. आरोपी से पूछताछ में पुलिस को सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी कुछ अहम जानकारी मिली है. इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है .गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबारियों में हड़कंप है और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की सराहना की है.




