रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : लट्टू उरांव कल्याण समिति द्वारा चक्रधरपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जनजातीय कला उत्सव की तैयारी को लेकर गुरुवार को सरायकेला सर्किट हाउस में गुरु तपन कुमार पटनायक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में 17 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई. बैठक में तय किया गया कि 17 अक्टूबर को कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय लोक एवं बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ होगा. इसमें राज्य के विभिन्न कलाकार भाग लेंगे, जिन्हें अपनी कला प्रदर्शन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा. उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है. (नीचे भी पढ़ें)
18 अक्टूबर को चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के 16 छऊ नृत्य दलों को आमंत्रित कर भव्य छऊ नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. भाग लेने वाले सभी दलों को सहायता राशि के साथ उनकी प्रस्तुति की थीम के अनुरूप छऊ पोशाक एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी. प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को नगद पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा. 19 अक्टूबर को राज्य एवं अंतरराज्यीय स्तर के कई प्रसिद्ध लोक एवं पारंपरिक नृत्य दलों की प्रस्तुतियां होंगी. इनमें असम का बिहू और बोडो नृत्य, राजस्थान का कालबेलिया, रास और मयूर नृत्य, ओडिशा का संबलपुरी, घुड़का एवं मयूरभंज छऊ के साथ मानभूम, सरायकेला और खरसावां छऊ नृत्य शामिल रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि लट्टू उरांव कल्याण समिति अपनी स्थापना की 11वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के उद्देश्य से यह भव्य सांस्कृतिक आयोजन का आयोजन कर रही है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राज्य के प्रसिद्ध कलाकारों एवं नृत्य गुरुओं की राय ली जा रही है. उन्होंने जानकारी दी कि इसी क्रम में सरायकेला एवं खरसावां के नृत्य विशारदों के साथ चर्चा की गई है तथा आगामी 13 अप्रैल को चक्रधरपुर में विभिन्न कलाओं के कलाकारों एवं नृत्य विशेषज्ञों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में मुख्य रूप से गुरु तपन कुमार पटनायक, मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, शिवचरण साहू, बसंत कुमार गणतायत, मुकेश घोड़ेई सहित अन्य लोग उपस्थित थे.







