जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में मिली नाबालिग किशोरी की लाश मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के नाबालिग प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव को हत्या की वजह बताया गया है.थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मृतका बिरसानगर जोन नंबर-2 की रहने वाली थी. कोरोना काल से ही वह अपने परिजनों से अलग रह रही थी और आसपास के घरों में काम कर जीवनयापन करती थी. इसी दौरान उसकी पहचान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कनफूटा निवासी नाबालिग से हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई.(नीचे भी पढ़े)

पुलिस के अनुसार किशोरी लगातार युवक पर शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी खुद नाबालिग होने की बात कहकर इससे इनकार कर रहा था. घटना वाले दिन दोनों ऑटो से सोपोडेरा पहुंचे थे.आरोपी इलाके से परिचित था और सुनसान स्कूल परिसर में बातचीत करने गया था. इसी दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. गुस्से में आकर आरोपी ने किशोरी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर उसकी पहचान कर रात में ही उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है.







