गुमला: गुमला बाल संप्रेषण गृह से शुक्रवार की सुबह तीन बालबंदी फरार हो गए. इनमें दो बालबंदी दुष्कर्म मामले में बंद थे, जबकि एक चोरीकांड के आरोप में रिमांड होम में रखा गया था. घटना के बाद पुलिस और रिमांड होम प्रशासन में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने फरार बालबंदियों की तलाश तेज कर दी है.यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6.18 बजे की है. बताया जा रहा है कि उस समय रिमांड होम में तैनात दो सुरक्षा कर्मी बाथरूम गए हुए थे. इसी दौरान तीनों बालबंदियों ने मौके का फायदा उठाया और महज पांच मिनट के भीतर दीवार फांदकर फरार हो गए. फरार होने वाले दो बालबंदी लोहरदगा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उन पर दुष्कर्म का आरोप है. वहीं तीसरा बालबंदी गुमला जिले का है, जो चोरीकांड में बंद था.बताया जा रहा है कि रिमांड होम परिसर के अंदर शौचालय के पास पानी की टंकी के निकट एक जर्जर पिलर में लोहे की छड़ निकली हुई थी. (नीचे भी पढ़े)
तीनों बालबंदियों ने उसी छड़ का सहारा लिया और दीवार पर चढ़ गए. इसके बाद वे पीछे की ओर से कूदकर भाग निकले. रिमांड होम का पिछला हिस्सा पहाड़ी और सुनसान क्षेत्र में स्थित है. सिलम पहाड़ की ओर घने और एकांत इलाके का फायदा उठाकर तीनों बालबंदी आसानी से वहां से फरार हो गए. आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी.घटना के बाद गुमला पुलिस सक्रिय हो गई है. फरार बालबंदियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस पहाड़ी इलाकों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. बाल संप्रेषण गृह के अधीक्षक अविनाश गिरी ने बताया कि मामले को लेकर गुमला थाना में लिखित आवेदन दिया गया है. साथ ही वरीय अधिकारियों को भी पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस जल्द ही तीनों बालबंदियों को पकड़ने का दावा कर रही है.







