जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद में पानी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान को एक ज्ञापन सौंपा. इस मौके पर जुगसलाई गौशाला क्षेत्र और शफीगंज मोहल्ला में उत्पन्न पानी की समस्या की ओर पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया. गंभीर जल समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में मांग की गई कि जल्द से जल्द शफ़ीगंज मोहल्ला तक पानी की सप्लाई पहुंचाई जाए. इस दौरान शहीद ठाकुर जी पाठक वेलफेयर सोसायटी नेशनल विंग के सचिव एवं आरएसएस यूथ नेशनल विंग सदस्य चंद्र पाठक, वरिष्ठ भाजपा नेता आलोक बाजपेयी, भाजपा नेता विजय कुमार, प्रह्लाद पाठक, विशाल सोनकर, आकाश सोनकर, भाजपा नेता ओम पाठक, अजय झा, बृजेश सिंह, गोलू, सुनीता एवं अनेक स्थानीय लोग उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञापन सौंपने के बाद सभी सदस्य पाइपलाइन कार्य स्थल पर भी गए और वहां कार्य कर रहे मजदूरों से पानी सप्लाई के संबंध में जानकारी ली. मजदूरों ने बताया कि अगले 2 से 3 दिनों के भीतर जुगसलाई शफीगंज मुहल्ला में पानी की सप्लाई शुरू होने की पूरी संभावना है. वहीं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने कहा कि लगभग एक सप्ताह के भीतर पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी. अधिकारियों द्वारा लोगों को 3 दिन बाद फिर आने को कहा गया, लेकिन साथ ही यह भी बताया गया कि कार्य में कम से कम एक सप्ताह का समय लग सकता है. शफीगंज मोहल्ला के लोग पिछले 4 वर्षों से इस जल संकट से परेशान हैं और इस कारण वे बेहद दुखी और निराश हैं. स्थिति इतनी कठिन हो चुकी है कि लोगों को टैंकर से पानी लाकर अपने घरों तक पहुंचाना पड़ रहा है. क्षेत्र के लोग भावुक होकर कह रहे हैं कि आखिर पानी के लिए वे कहां जाएं, क्योंकि अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि ऐसी परिस्थिति में जीवन कैसे चलाया जाए.







