जादूगोड़ा : आगामी 28 नवंबर को हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की राखा ताम्र खदान की पर्यावरण स्वीकृति के लिए प्रस्तावित जन सुनवाई से पूर्व ठेका कंपनी साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड को ग्रामीणों का पूरा समर्थन मिल रहा है. उधर कंपनी से सटे शंखडीह के ग्रामीणों का प्लांट खोलने को लेकर मिले समर्थन के बाद रविवार को रोआम गांव में ग्रामीणों व ठेका कंपनी, साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड के बीच बैठक हुई. बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए गांव की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. इस दौरान ग्रामीणों ने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थय, समेत नियोजन के दौरान विस्थापित की मृत्य होने या सेवानिवृत्ति होने पर उसके आश्रितों को पुनः रोजगार, श्मशान घाट जाने का रास्ता, शेड निर्माण, ग्राम प्रधान की सहमति के बाद रोजगार उपलब्ध कराने जैसी बुनियादी मांगों को रखा. प्रबंधन ने उनकी मांगों को जायज बताते हुए पूरा करने का भरोसा दिलाया तथा ग्रामीणों ने 28 नवंबर को आयोजित जन सुनवाई में समर्थन की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान ग्रामीणों की एकजुटता ने यह संदेश दिया कि अब गांव के लोग अपनी आवाज बुलंद करने व जन सुनवाई से पूर्व अपने अधिकारों के लिए आगे आने को तैयार हैं. ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए जल्द समाधान की उम्मीद जताई. हालांकि सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ग्रामीणों की समस्याओं पर ठेका कंपनी साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड गंभीरता से कार्रवाई करेगी, या फिर ग्रामीणों की समस्याएं एक बार फिर कागजों तक ही सीमित रह जाएंगी. यह आनेवाले दिनों में देखने को मिलेगा, जबकि कंपनी प्रबंधन 40 साल खनन का दावा कर सभी 57 विस्थापितों समेत उसके आश्रितों को पीढ़ी दर पीढ़ी नौकरी का भरोसा जता रही है. इस मौके पर ग्रामीणों का समर्थन और उनकी एकजुटता इस बात का संकेत है कि विकास के लिए अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
इस बैठक में रोआम गांव के ग्राम प्रधान बलराम मार्डी, स्थानीय मुखिया मुचीराम हांसदा, टोला प्रधान सायबा हेंब्रम, रोआम कमिटी अध्यक्ष कारू हांसदा, संजय महतो, सिकंदर हो, धनु मार्डी, होपान हासदा, रघुनाथ हांसदा, अनिल मुर्मू, प्रमाणिक मुंडा, विनोद हांसदा, लुगू मुर्मू व कंपनी प्रबंधन की ओर से अभय कुमार पाण्डेय, अभिराम समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.















