जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित कालीघाट और भैंस घाट के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया. घटना गुरुवार सुबह की है. शव मिलने की खबर तेजी से इलाके में फैली और इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह कुछ लोग घाट की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर पानी में संदिग्ध अवस्था में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी. करीब जाकर देखने पर पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है. इसके बाद तुरंत मानगो थाना पुलिस को सूचना दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है. जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है. हालांकि खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुट गई है. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.







