बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के बाबा नगरी चित्रेश्वर गांव में रविवार की शाम मौसम के बदलते मिजाज के बीच आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने ऐसी तबाही मचाई कि महज कुछ ही मिनटों में पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. दिनभर की उमस भरी गर्मी के बाद अचानक आसमान में काले बादल छाए और देखते ही देखते करीब एक घंटे तक चले इस भयानक बवंडर ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे निरुपमा घोष, निरोध बरण शामल, काली पद शामल और निखिल शामल के होटल (दुकानें) पूरी तरह उड़ गए. (नीचे भी पढ़े)

इस प्राकृतिक आपदा में दर्जनों लोगों के आशियाने और छोटी-मोटी दुकानें जमींदोज होने से व्यापक नुकसान हुआ है. साथ ही चित्रेश्वर मुख्य गेट से लेकर मंदिर तक के मार्ग पर बड़े-बड़े पेड़ और बिजली के दर्जनों खंभे उखड़कर गिरने से पूरा रास्ता पूरी तरह ब्लॉक हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार, इतिहास में आज तक इस क्षेत्र में ऐसी खौफनाक आंधी कभी नहीं आई थी, जिसने सिर्फ चित्रेश्वर गांव को ही निशाना बनाया जबकि आसपास के अन्य गांव सुरक्षित रहे. इस आंधी के दौरान ग्रामीण पूरी तरह खौफजदा थे और अब इस भारी तबाही के बाद पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप है और रास्ते बंद होने से जनजीवन पूरी तरह से ठप हो गया है.







