रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत केनके पंचायत के बाघमारा गांव में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है. गांव में पिछले एक माह से दो जलमीनार खराब पड़े हुए हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हांसदा टोला में भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार खराब होने की सूचना कई बार पीएचडी विभाग को दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है. विभाग द्वारा शिकायत करने पर ठेकेदार का नंबर दिया जाता है, जबकि ठेकेदार फोन करने पर मुखिया से संपर्क करने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है. (नीचे भी पढ़ें)
विभाग और ठेकेदार के बीच ग्रामीण परेशान हो रहे हैं. बताया गया कि धर्मू महतो के घर के सामने स्थित जलमीनार पिछले एक महीने से बंद पड़ा हुआ है. वहीं हांसदा टोला स्थित जलमीनार भी खराब रहने से पूरे क्षेत्र में जल संकट उत्पन्न हो गया है. पेयजल की समस्या के कारण ग्रामीणों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब दोनों जलमीनारों की मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति बहाल कराने की मांग की है.







