रांची / जमशेदपुर : झारखंड का मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदला है. शुक्रवार सुबह से ही शहर में बादल छाए रहे. वहीं 11 बजे के करीब कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां जिले में तेज हवा, गर्जन के साथ झमाझम बारिश भी हुई. वहीं बोकारो, रामगढ़, खूंटी, चतरा, गढ़वा, पलामू, गुमला, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा और देवघर, रांची और जामताड़ा जिले में शुक्रवार सुबह से ही कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा रिकॉर्ड की गयी. इससे अधिकांश जगहों पर पानी का जमाव हो गया. फिलहाल उमस और भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है. (नीचे भी पढ़ें)
1 जून तक बारिश का अनुमान : मौसम विभाग के अनुसार, अभी मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. ऐसे में लोगों को सावधान होने की जरूरत है. 1 जून तक 20 जिलों में बारिश का अनुमान है.
इन जिलों में अगले चार दिनों तक बारिश का अनुमान : मौसम विभाग के मुताबिक रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिले में बारिश का अलर्ट है. इस दौरान हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी.
बीते 24 घंटे में राज्य में कैसा रहा मौसम : मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य के कहीं -कहीं पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई. सबसे अधिक वर्षा कोडरमा में 40.5 एमएम, नेतरहार्ट (लातेहार) में 35 एमएम और लातेहार के गारो में 14.2 एमएम बारिश दर्ज की गयी.
सबसे अधिक उच्चतम तापमान का डाल्टेनगंज का 41.0 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 36.0, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया.







