रांची / जमशेदपुर : झारखंड में इस बार मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी बनी हुई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है. 1 जून से 13 जुलाई तक राज्य में सामान्य रूप से करीब 316.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहीं अब तक महज 191.5 मिमी दर्ज की गयी है. यह सामान्य से लगभग 40 प्रतिशत कम है. पूर्वी सिंहभूम में सामान्य रूप से करीब 356.7 मिमी बारिश होनी थी, वहीं अब तक वहां 199.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी है, जो सामान्य से 44 फीसदी कम है. वहीं लगातार चार दिनों से रूक-रूक कर हो रही बारिश से सरायकेला-खरसावां जिले को थोड़ी राहत मिली है. वहां 317.3 मिमी बारिश होनी थी, जिसमें अब तक 258.8 मिमी बारिश दर्ज की गयी है. यह सामान्य से 18 फीसदी कम है. मौसम विभाग रांची केंद्र के पूर्वानुमान अनुसार इस हफ्ते भी अच्छी बारिश की उम्मीद है. अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. तत्पश्चात अगले 3 दिनों में यानी मंगलवार से अधिकतम तापमान में (2-4) डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
14 जुलाई को कोल्हान सहित इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट – मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार कोल्हान के तीनों जिले के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं अन्य जिलों में जामतारा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है. शेष जिलों में बादल छाए रहने की उम्मीद है.







