जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में एक अवैध देसी पिस्तौल, एक जिंदा गोली, घटना स्थल से एक खोखा एवं एक प्रोजेक्टाइल, एक स्कूटी तथा आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. 31 मई की शाम मिल्लत नगर स्थित इंडियन जनरल स्टोर के पास दुकान मालिक के साथ मारपीट तथा दुकान में रखी वेट मशीन एवं अन्य सामानों में तोड़फोड़ की गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के दौरान आरोपियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड फायरिंग भी की थी. पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर जुगसलाई थाना प्रभारी ने जांच शुरू की. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी अनुसंधान एवं विभिन्न स्रोतों से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपियों की पहचान की. गिरफ्तार आरोपियों में असमउद्दीन उर्फ पलटन, असमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, आरिफ अंसारी तथा अमनदीप सिंह शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि घटना स्थल पर मौजूद आरोपियों में से असमउद्दीन उर्फ पलटन ने दो राउंड फायरिंग की थी. (नीचे भी पढ़ें)

उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने अवैध देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच अभी जारी है तथा पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है. इसकी जानकरी सिटी एसपी ने दी.








